दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित


बागपत, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। बुधवार को मीडिया सेल जनपद बागपत की ओर से जारी एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

पुलिस के अनुसार मवीकलां कट बैरियर (थाना कोतवाली बागपत) सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन लागू किए गए हैं। कांवड़ यात्रियों को केवल निर्धारित कांवड़ मार्ग से ही गुजरने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही प्रमुख कट प्वाइंट्स और बैरियरों पर पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करें। यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, अन्य यात्रियों का सम्मान करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि एक्सप्रेसवे जैसे तेज रफ्तार मार्गों पर कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं है, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में सभी श्रद्धालु सुरक्षित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story