समयसीमा में पूरी हों विकास परियोजनाएं, लापरवाही पर संस्थाएं होंगी ब्लैकलिस्ट : मंडलायुक्त
कानपुर, 29 जून (हि.स.)। निर्माण परियोजनाओं में देरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। यह बातें सोमवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने सोमवार को आयुक्तावास सभागार में आयोजित मंडलस्तरीय समीक्षा बैठक में कहीं।
बैठक में कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और कन्नौज के जिलाधिकारियों व मुख्य विकास अधिकारियों के साथ 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूरी कराई जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मंडल के प्रत्येक जनपद में 'खाऊ गली' विकसित करने के निर्देश दिए। यहां संबंधित जिले के 'एक जनपद-एक व्यंजन' के साथ आसपास के जनपदों के पारंपरिक खाद्य उत्पाद भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना के तहत प्रत्येक जिले में 50-50 एकड़ भूमि चिह्नित करने तथा संत कबीर टेक्सटाइल पार्क के लिए उपयुक्त भूमि का प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
मानसून की तैयारियों की समीक्षा में प्रमुख नालों की समय पर सफाई, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए नाविकों और गोताखोरों की सूची तैयार रखने तथा पशुओं का टीकाकरण समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जुलाई में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस वर्ष कानपुर मंडल के छह जिलों में दो करोड़ 98 लाख 75 हजार 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कृषि योजनाओं की समीक्षा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना और फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना में कानपुर देहात के कमजोर प्रदर्शन पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विशेष शिविर आयोजित कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और बैंक व वेंडरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में मंधना-बिठूर मार्ग पर विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने, चौबेपुर-बेला राज्य मार्ग के चौड़ीकरण तथा नरवल मोड़ से साढ़ होते हुए कानपुर डिफेंस रोड तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

