दीवार काटकर पशुशाला में घुसे चोर, 1.60 लाख की भैंस चोरी, बच्चा छोड़कर फरार

WhatsApp Channel Join Now
दीवार काटकर पशुशाला में घुसे चोर, 1.60 लाख की भैंस चोरी, बच्चा छोड़कर फरार


दीवार काटकर पशुशाला में घुसे चोर, 1.60 लाख की भैंस चोरी, बच्चा छोड़कर फरार


हाथरस, 11 नवंबर (हि.स.)। जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने एक पशुपालक की पशुशाला को निशाना बनाते हुए दीवार काटकर करीब 1.60 लाख रुपये कीमत की भैंस चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि चोर भैंस के बच्चे को वहीं छोड़कर फरार हो गए। बुधवार सुबह पशुशाला पहुंचे पशुपालक को चोरी की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नगला गढ़ू निवासी मोहित पाठक इगलास रोड स्थित अपने खेत में बने नोहरे में पशुओं को बांधते हैं। मंगलवार शाम को वह रोजाना की तरह पशुओं को चारा-पानी खिलाकर घर चले गए थे। रात में किसी समय अज्ञात चोरों ने नोहरे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां बंधी कीमती भैंस को चोरी कर ले गए। चोर भैंस के बच्चे को वहीं छोड़ गए।

बुधवार सुबह जब मोहित पाठक पशुओं को चारा डालने के लिए नोहरे पहुंचे तो दीवार कटी देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो भैंस गायब थी और उसका बच्चा वहीं बंधा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोरी गई भैंस की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये है।

घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने पुलिस से भैंस बरामद करने और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775221 Articles

Share this story