दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत


हाथरस, 30 अप्रैल (हि.स.)। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के बिलारा गांव में गुरुवार देर शाम आई तेज आंधी के कारण दीवार गिरने से दो बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान 10 वर्षीय मनीष पुत्र जितेंद्र और 10 वर्षीय लाडो पुत्री जयप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे आंधी से बचने के लिए जयप्रकाश की दीवार के सहारे खड़े थे, तभी तेज हवाओं के चलते दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सादाबाद कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटना से सम्बंधित जानकारी जुटाई है और शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story