स्वच्छता, सेवा भाव और अनुशासन से ही बनेगा खुशहाल एवं सशक्त भारत : आनंदीबेन पटेल

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता, सेवा भाव और अनुशासन से ही बनेगा खुशहाल एवं सशक्त भारत : आनंदीबेन पटेल


लखनऊ, 07 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को आज जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीपावली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी जन भवन परिवार के सभी सदस्यों को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में कार्यरत दैनिक श्रमिकों एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों को मिष्ठान वितरित कर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने जन भवन परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग स्वयं प्रसन्न रहें और अपने परिवार को भी खुशहाल रखें। अपने घर, कार्यालय एवं जन भवन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखें। जब प्रत्येक परिवार खुशहाल होगा, तभी समाज और देश में खुशहाली आएगी। उन्होंने जन भवन के प्रत्येक कक्ष को प्रतिदिन प्रातः एक-दो घंटे खोलकर रखने तथा कमरों में स्वच्छ वायु और प्राकृतिक प्रकाश के प्रवेश की व्यवस्था करने पर बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक कार्य सेवा भाव से किया जाना चाहिए। जब कार्य के प्रति सेवा और समर्पण का भाव होगा, तभी उसकी गुणवत्ता और कार्यस्थल की स्वच्छता भी बेहतर होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यालय, मेज, अलमारियों, फाइलों तथा आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जन भवन में रहने और कार्य करने का अर्थ केवल राज्यपाल के कक्ष को व्यवस्थित रखना नहीं है, बल्कि यहाँ कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का कक्ष और कार्यस्थल स्वच्छ एवं व्यवस्थित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी स्वयं को जन भवन का अभिन्न अंग और इसकी गरिमा एवं व्यवस्था के प्रति समान रूप से उत्तरदायी समझें।

देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज विश्व में भारत के नेतृत्व और सामर्थ्य की सराहना हो रही है। भारत की वास्तविक शक्ति उसकी 140 करोड़ जनता है। देश की उपलब्धियों और सामर्थ्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान है। राज्यपाल ने कहा कि जन भवन की स्वच्छता, गरिमा और कार्यसंस्कृति को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव से करे।

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर एम. बोबडे ने जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जन भवन में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एक टीम और परिवार के सदस्य के रूप में मिलकर कार्य कर रहे हैं। सामूहिक प्रयासों से जन भवन में निरंतर सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर जन भवन कार्मिकों द्वारा भजन, कविता एवं लोकगीत की प्रस्तुति दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773838 Articles

Share this story