त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति-सौहार्द के साथ मनाएं लखनऊवासी: पुलिस आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति-सौहार्द के साथ मनाएं लखनऊवासी: पुलिस आयुक्त


लखनऊ, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के संबंध में लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा, यातायात, और शांति व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए हैं। लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरूण गाबा ने लाेगाें से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व पर धनतेरस व दीपावली के अवसर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने एक विस्तृत और चाक-चौबंद सुरक्षा योजना तैयार की है। कमिश्नरेट के सभी जोन, सर्किलों और थानों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

दीपवाली पर्व पर विभिन्न स्थानों पर मेले, लक्ष्मी जी व काली जी की प्रतिमाओं की स्थापना का आयोजन किया जाएगा, जिसके दृष्टिगत भी सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किये गये हैं। इसके अलावा प्रमुख बाजार एवं व्यावसायिक केंद्र हज़रतगंज, अमीनाबाद, चौक, भूतनाथ, गोमती नगर ,निशातगंज, इंदिरानगर, आशियाना और आलमबाग जैसे अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले बाजारों में भारी पुलिस बल और पिकेट्स तैनात किए गए हैं। मनचलों और जेबकतरों पर नकेल कसने के लिए सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों (एंटी-रोमियो स्क्वॉड और पिंक मोबाइल टीमों) की ड्यूटियां लगाई गई हैं। संवेदनशील चौराहों, मॉल, और बाजारों में सीसीटीवी कैमरों, वीडियो सर्विलांस व ड्रोन के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, मॉल और प्रमुख बाजारों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड द्वारा नियमित रूप से एंटी-सबोटेज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा भी त्योहार के दृष्टिगत मुख्य बाजारों में भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकतानुसार हल्के वाहनों के लिए भी स्थानीय स्तर पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। नागरिकों से अपील है कि वे अपने वाहन केवल चिन्हित और अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पटाखा विक्रय के लिए निर्धारित एवं अनुमोदित स्थलों पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पटाखों की खुदरा बिक्री की जाएगी। अवैध या बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और विक्रय करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मानने की अपील करते हुए लखनऊ पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा भ्रामक संदेश को साझा करने से बचें।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773293 Articles

Share this story