अन्त्योदय के संकल्प के साथ भाजपा ने प्रदेशभर में मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

WhatsApp Channel Join Now
अन्त्योदय के संकल्प के साथ भाजपा ने प्रदेशभर में मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती


लखनऊ, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को एकात्ममानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती को प्रदेश में अन्त्योदय के संकल्प के साथ मनायी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में युगदृष्टा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन कर कृतज्ञ नमन किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अंत्योदय के प्रणेता को नमन करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन के मूल में मानव की प्रगति का अर्थ शरीर, मन, बुद्धि व आत्मा, इन चारों की प्रगति है। चौधरी ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय ने अपने विचारों, कार्यों तथा स्थापित आदर्श मानदण्डों से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद तथा जन-जन के कल्याण का अन्त्योदय मार्ग प्रशस्त किया। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके द्वारा प्रशस्त मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी, कुशल संगठनकर्ता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। राष्ट्रहित और अंत्योदय को जीवन का ध्येय मानकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित उनका जीवन एवं विचार सदैव हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story