दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय: शोध पात्रता परीक्षा के पहले दिन 86 प्रतिशत हुए शामिल
गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा आज विश्वविद्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधों के बीच शुरू हुई। पहले दिन दोनों पालियों में कुल मिलकर 86 फीसदी उपस्थिति रही।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और अभ्यर्थियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। आज सुबह तीन परीक्षा केंद्रों पर 10 विषयों की । शाम की पाली में भी कुल 10 विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। शेष 26 विषयों की परीक्षा कल होगी।
मुख्य नियंता डॉ. टी.एन. मिश्र के नेतृत्व में आज सुबह से ही नियंता मंडल सक्रिय रहा। शाम की पाली में एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी का मोबाइल सीज कर दिया गया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा के अनुसार, कल परीक्षा के अंतिम दिन सुबह की पाली में प्राणि विज्ञान, भूगोल, कंप्यूटर साइंस और कृषि संकाय के सभी विषय (कृषि सांख्यिकी, जेनेटिक्स, कीट विज्ञान, कृषि प्रसार, कृषि विज्ञान, कृषि इंजीनियरिंग, पशुपालन एवं डेयरी, बागवानी, पादप रोग विज्ञान, मृदा संरक्षण, मृदा विज्ञान एवं कृषि अर्थशास्त्र) की परीक्षा होगी।
कल दूसरी शाम की पाली में प्राचीन इतिहास, बायोटेक्नोलॉजी , व्यवसाय प्रशासन, दृश्य कला, संस्कृत, रसायन विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, फाॅर्मेसी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की परीक्षा होगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पूर्व पहुँचना अनिवार्य है। साथ ही, प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल पहचान पत्र लाना आवश्यक है। मोबाइल, स्मार्ट वॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग पूर्णतः वर्जित है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

