लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता : अवध ओझा

WhatsApp Channel Join Now
लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता : अवध ओझा


लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता : अवध ओझा


जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शनिवार को जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से ‘ज्ञान संवाद’ शिक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। शाम पांच से सात बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं सिविल सेवा परीक्षा के मार्गदर्शक अवध ओझा ने यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को सफलता के लिए सही रणनीति, अनुशासन और नियमित अभ्यास का मंत्र दिया।

अवध ओझा ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा में सफलता केवल अधिक घंटे पढ़ने से नहीं मिलती, बल्कि इसके लिए विषयों की गहरी समझ, सही दिशा में तैयारी और नियमित आत्ममूल्यांकन जरूरी है। अभ्यर्थियों को सबसे पहले परीक्षा के पाठ्यक्रम और उसकी मांग को समझकर अपनी अध्ययन योजना तैयार करनी चाहिए।

उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स), मुख्य परीक्षा (मेंस) और साक्षात्कार की तैयारी को एक-दूसरे से जोड़कर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी और मानक पुस्तकों का अध्ययन करने के साथ समसामयिक घटनाओं पर नजर रखना, नियमित रिवीजन, उत्तर लेखन का अभ्यास और मॉक टेस्ट देना बेहद जरूरी है।

ओझा ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। धैर्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति ईमानदार प्रयास ही सफलता की राह आसान बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और लगातार सीखते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं मार्गदर्शक नमन जैन, चंद्रमौली चौधरी, कनिष्क शेखर और अमित पाठक ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक अनुभव साझा किए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story