समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के लिए डॉ. अंबेडकर ने समर्पित किया पूरा जीवन : डॉ. अरुण कुमार

WhatsApp Channel Join Now
समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के लिए डॉ. अंबेडकर ने समर्पित किया पूरा जीवन : डॉ. अरुण कुमार


कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को स्थापित करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाई, जो आज भी लोकतंत्र का आधार है। हमें उनके विचारों को जीवन में अपनाना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें मंगलवार को विश्वविद्यालय के सहप्राध्यापक एवं कार्यवाहक अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कृषि महाविद्यालय, जमुनाबाद लखीमपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-6 के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रविंद्र नाथ वर्मा द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदानों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके द्वारा रचित संविधान आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।

इस दौरान विद्यार्थियों ने व्याख्यान प्रस्तुत कर बाबा साहेब के विचारों और आदर्शों को साझा किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को उनके विचारों को जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

अंत में डॉ. हिमांशु मिश्रा ने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा, समानता और न्याय के मूल्यों को अपनाकर एक सशक्त और समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम में डॉ. विश्व दीपक चतुर्वेदी, डॉ. रणधीर कुमार यादव, डॉ. सतेन्द्र कुमार सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

Share this story