युवती का शव आम के पेड़ से लटका मिला
औरैया, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम विधिपुरा में शनिवार सुबह युवती का शव गांव से करीब सौ मीटर दूर आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
विधिपुरा निवासी किशन सिंह की पुत्री संतोषी (20) शनिवार सुबह शौच के लिए घर से निकली और काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर उसका शव दुपट्टे के सहारे लटका देख परिवार काे जानकारी दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक साक्ष्य जुटाकर सभी पहलुओं पर जांच के निर्देश दिए।
कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती का शव दुपट्टे के सहारे आम के पेड़ पर लटका मिला है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

