नहाने गए व्यक्ति का शव नदी में मिला, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

बाराबंकी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार काे एक लापता व्यक्ति का शव नदी में मिला।शुक्रवार काे वह घर से निकला था। सूचना पर पहुंची रामनगर थाना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बडनपुर निवासी प्रवेश कुमार (53) पुत्र केशव राम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रवेश कुमार शुक्रवार शाम घाघरा नदी में नहाने गए थे। वह अपने कपड़े और मोबाइल फोन नदी किनारे रखकर नदी में उतरे थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। काफी समय बीत जाने के बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने शिमली चौका नदी में एक शव तैरता देखा। पास जाकर देखने पर शव प्रवेश कुमार का निकला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मौके पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

मृतक के पुत्र शिवम वर्मा ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार को नदी में उनका शव मिला। उन्होंने बताया कि नदी किनारे उनके कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय वह नदी में डूब गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रवेश कुमार मेहनत-मजदूरी और ठेलिया चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story