गविष्ठी यात्रा लेकर औरैया पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की उठी मांग
औरैया, 02 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गविष्ठी यात्रा के तहत मंगलवार शाम 6 बजे ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती का शहर में आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान उन्हाेंने कहा कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से शुरू किया गया उनका देशव्यापी भ्रमण तब तक जारी रहेगा, जब तक यह मांग पूरी नहीं हो जाती।
इंडियन ऑयल तिराहे पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने जयकारों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला खानपुर चौराहे पहुंचा, जहां लोगों ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने के समर्थन में नारे लगाए। शहर के सुभाष चौराहे पर भी बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका अभिनंदन किया।
सुभाष चौराहे पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द अपने वाहन से उतरकर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूर्व विधायक रामजी शुक्ला, सर्वेश बाबू गौतम सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने उन पर पुष्पवर्षा की, जबकि स्वामी ने भी मालाएं भेंट कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के दौरान सुभाष चौराहे और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी पूरे समय तैनात रहा। इसके बाद स्वामी का काफिला आगे के लिए रवाना हो गया।
खानपुर चौराहे पर मुस्लिम समुदाय के लोगों की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द का स्वागत किया और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान गुलजार राइन, रियाज, अयूब खान, यूसुफ, नईम, आरिफ, सरताज हाफिज, बिलाल, असन खान, सबलू कुरैशी और असलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

