विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर लगा हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर लगा हत्या का आरोप


बहराइच, 07 जून (हि.स.)। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के धनुही पुलिस चौकी अंतर्गत एक 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धनुही क्षेत्र निवासी शीला देवी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें स्थानीय चिकित्सालय ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार देर शाम उनकी मौत हो गई। मृतका के भाई राम प्रताप विश्वकर्मा निवासी मधिनगरा, ग्राम कुरसहा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहन को उसके पति संचित लाल विश्वकर्मा, ननकुन्ना विश्वकर्मा और रामफेर विश्वकर्मा ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। राम प्रताप ने बताया कि 4 जून को उनकी बहन ने फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर वह बहन के ससुराल पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद वह वापस घर लौट आए। अगले दिन ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि शीला बेहोश हो गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों द्वारा की गई मारपीट के कारण ही शीला की मौत हुई है। वहीं थानाध्यक्ष संदीप कुमार द्विवेदी ने रविवार को बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story