जंगली जानवर के हमले में आठ साल के मासूम की मौत, तेंदुए के हाेने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
जंगली जानवर के हमले में आठ साल के मासूम की मौत, तेंदुए के हाेने की आशंका


बहराइच, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत मंझरा गांव में सोमवार देर शाम जंगली जानवर के हमले में आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंझरा गांव निवासी रोहित यादव सोमवार देर शाम अपने घर के पीछे खड़ा था। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकले जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। लोगों को आता देख हमलावर जानवर गन्ने के खेत में भाग गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि हमला बाघ ने किया है, जबकि शुरुआती जानकारी में तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमलावर जंगली जानवर की सही पहचान वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मुर्तिहा थानाधिकारी यतींद्र सिंह ने बताया कि मासूम की मौत की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वे जंगली जानवर के हमले की आशंका को लेकर चिंतित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story