पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बौलिया कॉलोनी स्थित पोखरे के पास स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। पुलिस को खबर की गई। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक के गले में फंदा लगा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फारेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस अब आसपास के थानों में युवक की फोटो भेजकर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

