रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव


कानपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव में मंगलवार को रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित पड़री गांव निवासी अंशु शुक्ला (27) के रूप में हुई। वह जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दीपावली मनाने के लिए वह सात नवंबर को घर आया था। त्योहार के बाद नौ नवंबर को ट्रेन से जयपुर लौटने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचा।

आज बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग से लगभग 300 मीटर दूर खंभा नंबर 990 के पास ट्रैक किनारे उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने डायल 112 और रेलवे विभाग को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो युवक के पास से मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मिले। इनके आधार पर उसकी पहचान हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में मातम छा गया।

पुलिस की शुरुआती आशंका है कि ट्रेन में सफर के दौरान अंशु गेट के पास बैठा होगा। इसी दौरान नींद आने पर संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया होगा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774702 Articles

Share this story