आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव


मीरजापुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में गुरुवार सुबह घर के पास आम के पेड़ से लटकता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

धनसिरिया ग्राम पंचायत के भगवानपुर पुरवा निवासी 32 वर्षीय इंद्रजीत शर्मा नदिहार बाजार में सैलून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार बुधवार रात भोजन के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। इसी दौरान इंद्रजीत घर से साड़ी लेकर बाहर निकला और पास के आम के पेड़ में फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

सुबह उसकी दादी चिंता देवी बाहर निकलीं तो इंद्रजीत को फंदे पर झूलता देख शोर मचाया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की मां आशा देवी ने बताया कि इंद्रजीत की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसकी पत्नी प्रीति मायके गई हुई थी। परिवार में मां, वृद्ध दादी, छोटे भाई की पत्नी रहती हैं, जबकि पिता व दो भाई बाहर काम करते हैं। मृतक के दो पुत्रियां (8 व 6 वर्ष) और एक 4 वर्षीय पुत्र हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story