कूड़ा घर में फंदे पर लटका मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
कूड़ा घर में फंदे पर लटका मिला युवक का शव


हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव कूड़ाघर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कम्प मच गया। युवक के दोनों पैर ज़मीन पर टिके होने की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना को आनर किलिंग से जोड़ कर देखा जा रहा है।

बिवांर थाना क्षेत्र ग्राम के लदार स्थित कूड़ाघर में शुक्रवार को एक बाहरी युवक का शव दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला। शव की स्थिति देखकर लोग दंग रह गए, क्योंकि युवक के दोनों पैर ज़मीन पर मुड़े हुए हालत में टिके हुए थे। वहीं पास में ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना बिंवार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटके शव को नीचे उतारकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया और बाद में परिजनों को सूचना दी। मृतक की पहचान महोबा जनपद के पचपहरा गांव निवासी 26 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई ब्रजपाल ने बताया कि जगदीश घर से अपनी ममेरी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन वह यहां कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि शव की स्थिति देखकर ऐसा नहीं लगता कि उसने खुद फांसी लगाई है, इसलिए हत्या की आशंका है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतक के परिजन भी इस मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कह रहे हैं, जबकि इस आत्महत्या को लेकर आनर किलिंग की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी नंदलाल प्रजापति

ने बताया कि, न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही तहरीर मिली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story