देशी शराब ठेके के पीछे मिला युवक का  शव

WhatsApp Channel Join Now
देशी शराब ठेके के पीछे मिला युवक का  शव


हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में एक युवक देशी शराब के ठेके के पीछे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार कस्बे के चांद थोक निवासी प्रशांत उर्फ छोटू गुप्ता (28) घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। शुक्रवार को बड़ी पुलिया के पास स्थित देशी शराब ठेके के पीछे वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने युवक को इस हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से प्रशांत को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई पंकज गुप्ता ने बताया कि प्रशांत तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। परिवार में पहले ही माता-पिता और एक भाई का निधन हो चुका है। प्रशांत की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने शुक्रवार की शाम बताया कि मृतक के बड़े भाई ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे अपने घर ले गए। फिलहाल पुलिस मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story