चाैथे दिन मिला नदी में डूबे युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
चाैथे दिन मिला नदी में डूबे युवक का शव


चाैथे दिन मिला नदी में डूबे युवक का शव


लखीमपुर खीरी, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के फूलबेहड़ कोतवाली क्षेत्र में शारदा नदी में नहाने के दौरान डूबे मौसेरे भाईयों में एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। एक का शव रविवार को ही बरामद कर लिया गया था।

प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नीमगांव थाना क्षेत्र के मुड़िया गांव निवासी शिवम (16) और मौसेरा भाई रवहीं कॉलोनी गांव निवासी रवि कुमार (14) बीती शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दोस्त आदर्श के साथ शारदा नदी में नहाने गये थे। आदर्श ट्यूशन के कारण जल्दी लौट आया, लेकिन रवि और शिवम वहीं रुक गए। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए उनकी खोजबीन शुरू कर दी। नदी के पास से दोनों किशोरों की साइकिल और कपड़े मिले थे।

आशंका जताया गया कि नहाने के दौरान यह लोग डूब गये हैं। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुट गई। रविवार को पुलिस ने गांव से चार किलोमीटर दूर शारदा नदी में रवि का अधखाया शव बरामद कर लिया, जबकि शिवम का कुछ पता नहीं चल सका। रविवार को परिजनों ने पुलिस पर तलाशी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए लखीमपुर भीरा रोड को जाम करने का प्रयास भी किया था। पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराते हुए शिवम की खाेजबीन कर रही थी। सोमवार को शिवम का शव शारदा झाल में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story