फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर अचेत मिला अधेड़, अस्पताल में मौत*
फर्रुखाबाद,27 नवंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर शुक्रवार को अज्ञात अधेड़ व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे जीआरपी कांस्टेबल सुनील कुमार ने एंबुलेंस की सहायता से उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष आंकी गई है। उसने पैंट, शर्ट और जैकेट पहन रखी थी। पैरों में मोजे थे तथा गले में सफेद अंगोछा पड़ा हुआ था। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या ऐसी वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके।
जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रथम दृष्टया व्यक्ति के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जीआरपी थानाध्यक्ष एपी सिंह ने बताया कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

