छत्तीसगढ़ की युवती का शव वृंदावन के होटल में मिला, सुसाइड नोट में युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ की युवती का शव वृंदावन के होटल में मिला, सुसाइड नोट में युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप


मथुरा, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के कोतवाली वृंदावन क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में साेमवार काे युवती की लाश मिली। युवती मूलत: छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी। तलाशी के दाैरान कमरे से पुलिस काे एक सुसाइड नाेट मिला, जिसमें रायपुर के एक युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि केशवधाम चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक होटल में छत्तीसगढ़ के रायपुर की 24 वर्षीय पार्वती की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू की। जांच में पता चला है कि युवती 13 नवंबर को अकेले वृंदावन दर्शन करने के लिए पहुँची थी। यहाँ पहुँचने के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से प्रेम मंदिर के सामने स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया था। होटल प्रबंधन ने उसे कमरा नंबर 116 आवंटित किया था। मृतका वृंदावन के विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर रही थी और उसने 16 नवंबर तक होटल में ठहरने की योजना बनाई थी।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, 15 नवंबर की दोपहर के बाद से पार्वती अपने कमरे से बाहर नहीं आई थी। इसी बीच, शाम के समय उसके पिता ने जब कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो युवती की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन का उत्तर न मिलने पर पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद सोमवार सुबह उन्होंने होटल रिसेप्शन पर संपर्क कर कर्मचारियों से कमरा चेक करने का अनुरोध किया। जब होटल स्टाॅफ कमरे के पास पहुँचा और अंदर जाकर देखा तो पार्वती मृत अवस्था में पाई गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुँची और घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की। पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में पार्वती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है।

सीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैधानिक कार्रवाई कर रही है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story