बाबा साहब का बोर्ड हटाने वाले नहीं हो सकते दलितों के हितैषी : केशव प्रसाद माैर्य

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहब का बोर्ड हटाने वाले नहीं हो सकते दलितों के हितैषी : केशव प्रसाद माैर्य


फतेहपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को प्रबुद्धजन सम्मेलन में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) घोषणापत्र को लेकर जमकर निशाना साधा।

सरदार पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री कहा कि सौ-सौ चूहे खा के बिल्ली हज को चली वाले अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए कन्नौज में भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम के मेडिकल कॉलेज का बोर्ड हटवा दिया था और उसका नाम बदल दिया था, वह दलितों के हितैषी कैसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके चाचा मोहम्मद आजम खान ने गाजियाबाद में बाबा साहब के चित्र वाले विग्रह को भू-माफिया कहा था, उस समय मंच पर बैठे अखिलेश यादव हंस रहे थे। ऐसे लोग बाबा साहब के अनुयायी नहीं हो सकते, ये दलितों-पिछड़ों के हितैषी नहीं हो सकते।

केशव प्रसाद माैर्य ने कहा कि अखिलेश यादव सोंच रहे हैं कि जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार के सहारे कुछ ज्यादा सीटें जीत ले गए और गुब्बारे में हवा भर गई, तो सपा और कांग्रेस दोनों का अहंकार बढ़ गया था। लेकिन उस अहंकार को हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता ने फोड़ कर अहंकार की हवा निकाल दी है, वहां कमल खिल चुका है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आंदोलन पर भी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह विदेशी शक्तियों के सहारे अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व देश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इस मौके पर राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, पूर्व मंत्री व विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक विकास गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अनु श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, सहित भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story