आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा ने शुरू किए आठ ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा ने शुरू किए आठ ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रम


आगरा, 10 सितंबर (हि.स.)। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (डीबीआरएयू), आगरा ने आठ ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रमों के शुभारंभ की घोषणा की है। विश्वविद्यालय की यह पहल उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ, समावेशी और लचीला बनाने तथा पारंपरिक कक्षा और भौगोलिक सीमाओं से परे शिक्षार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण विश्वविद्यालयी शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के माध्यम से बीबीए, बीसीए, बी.कॉम., एमबीए, एमसीए, एम.कॉम., एम.ए. (समाजशास्त्र) तथा एमबीए (ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट) सहित आठ ऑनलाइन कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं।

इन कार्यक्रमों को विशेष रूप से उन शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो उच्च शिक्षा के साथ अधिक लचीलापन चाहते हैं। इनमें ऐसे विद्यार्थी शामिल हैं, जो भौगोलिक दूरी, स्थान परिवर्तन अथवा अन्य कारणों से नियमित रूप से विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित नहीं हो सकते। इसके साथ ही कामकाजी पेशेवरों को भी अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा, डीबीआरएयू के ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से हम विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहुंच को उन विद्यार्थियों तक विस्तारित कर रहे हैं, जो भौगोलिक दूरी, समय की सीमाओं अथवा व्यावसायिक दायित्वों के कारण पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़ नहीं पाते। हमारा उद्देश्य डिजिटल शिक्षा के लचीलेपन के साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विश्वसनीयता और अकादमिक मानकों को बनाए रखना है। यह पहल उच्च शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में हमारा महत्वपूर्ण प्रयास है।”

इस पहल में टीमलीज एडटेक विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी भागीदार के रूप में सहयोग कर रहा है। टीमलीज एडटेक द्वारा ऑनलाइन शिक्षण अनुभव के प्रभावी संचालन और प्रबंधन के लिए आवश्यक प्रौद्योगिकी अवसंरचना उपलब्ध कराने में विश्वविद्यालय को सहयोग दिया जा रहा है।

इन सभी आठ ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी कार्यक्रमों, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य विवरणों की जानकारी प्राप्त करने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय के ऑनलाइन शिक्षा पोर्टल पर जा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story