दाऊजी मंदिर में हो रहा हुरंगा, हुरियारों पर बरस रहे कोड़े

WhatsApp Channel Join Now
दाऊजी मंदिर में हो रहा हुरंगा, हुरियारों पर बरस रहे कोड़े


दाऊजी मंदिर में हो रहा हुरंगा, हुरियारों पर बरस रहे कोड़े


मथुरा, 05 मार्च (हि.स.)। दाऊजी महाराज मंदिर में गुरुवार को कोड़ा मार होली खेली जा रही है। महिलाएं दुल्हन की तरह सज-धज कर पहुंची हैं। मंदिर प्रांगण में हुरियारों (पुरुष) और हुरियारिनों (महिलाओं सखी) के बीच जमकर होली खेली जा रही है। घूंघट में महिलाओं ने पहले हुरियारों के कपड़े फाड़े और फिर उसी कपडे़ का कोड़ा बनाया। प्रेम से हुरियारों के नंगे बदन पर कोड़ों की बारिश कर दी। हुरियारे भी सखियों पर रंग बरसा रहे हैं और होली के गीतों पर झूम रहे हैं।

मंदिर में हर तरफ रंग और अबीर उड़ाए जा रहे हैं। पूरा परिसर रंगों से सरोबार हो गया है। मंदिर में भजन गूंज रहे हैं। होली गीत पर लोग नाच रहे हैं। इस अनोखी होली को देखने के लिए एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचे हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने दाऊजी महाराज के हुरंगे का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

दरअसल, कोड़ा मार होली बलदेव मंदिर परिसर में ही होती है। मुख्यालय से इसकी दूरी करीब 45 किमी. है। इसमें गांव के पुरोहित परिवार के लोग शामिल होते हैं। मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने एक महीने तक जगह-जगह होली खेली थी। इस दौरान मां यशोदा ने बड़े भाई बलदेव को उनकी देखरेख के लिए साथ भेजा था। लगातार होली देखने के बाद बलदेव का भी मन होली खेलने के लिए होता है। वह भी होली खेलते हैं। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। इसी के प्रतीक रूप में यह जेठ और बहू के बीच की होली होती है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story