दीपावली से पहले शहर की क्षतिग्रस्त सड़कें हों दुरुस्त, प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधरे : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली से पहले शहर की क्षतिग्रस्त सड़कें हों दुरुस्त, प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधरे : जिलाधिकारी


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को दीपावली से पहले दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाया जाए और प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर की जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो और सभी कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय से तय समय में काम पूरा करें।

यह निर्देश कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, केडीए, यूपीसीडा और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कॉन्ट्रैक्टर्स से सीधे संवाद कर चल रहे कार्यों की प्रगति और सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि त्योहारों को देखते हुए सभी कार्यदायी संस्थाएं टीम भावना के साथ युद्धस्तर पर काम करें।

नगर निगम को दीपावली से पहले प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि रात के समय प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहे। इसके साथ ही कूड़ा उठान और निस्तारण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने के लिए कहा गया।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि अस्पतालों और स्कूलों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। बैठक में बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की भी समीक्षा की गई। क्षतिग्रस्त सड़कों में सर्वोदय नगर स्थित खादी ग्रामोद्योग क्षेत्र, पोस्टमार्टम हाउस से नरेंद्र मोहन सेतु, पनकी प्लांट, शताब्दी नगर रोड, पनकी रामगंगा एनक्लेव के आसपास का क्षेत्र, गोपाला टावर्स से नमक फैक्ट्री चौराहा, गोविंद नगर विद्युत कॉलोनी, बर्रा साउथ सिटी से बनपुरवा पुल मार्ग, भौंती-सचेंडी मार्ग, पनकी तिराहा साइट-1, मोतीझील, गुरु गोबिंद सिंह द्वार, बर्रा-2, बर्रा-8 पुल से पहले देवकी टॉकीज के आसपास का मार्ग, अस्पताल रोड, मॉल रोड, कालपी रोड, जरीब चौकी, फजलगंज और संतनगर समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।

बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, यूपीसीडा की एसीईओ दीक्षा जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कॉन्ट्रैक्टर्स मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story