सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दो युवक, मौत

WhatsApp Channel Join Now

कानपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर पनकी नहर के पास उसे पकड़ लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मस्वानपुर-रावतपुर निवासी सचिन वाल्मीकि (25) आज शाम अपने पड़ोसी दोस्त सूरज (35) के साथ बाइक से पनकी की ओर निकला था। दोनों पनकी नहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए इण्डेन गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिये के नीचे आ गए। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसा होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ भाग रहे ट्रक का पीछा करने में मदद की। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने पनकी नहर के पास ट्रक को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बाइक और वाहन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान की और उनके स्वजन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन आवास विकास-3 पुलिस चौकी पहुंचे और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।

सचिन के बड़े भाई नितिन ने बताया कि सचिन परिवार में छोटा था और प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी करीब तीन माह पहले ही सोनी से शादी हुई थी। नितिन के मुताबिक शुक्रवार को ही उनके सगे मामा हरी सिंह की बीमारी के चलते मौत हुई थी। सचिन वहीं मौजूद था। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले सूरज के साथ कुछ सामान लेने के लिए बाइक से निकला था। दोनों के घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद ही हादसे की खबर आ गई। एक ही दिन एक ही मोहल्ले में तीन मौतों से इलाके में मातम छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। टक्कर के बाद वे ट्रक के पहिये के नीचे आ गए और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story