तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को तेज रफ्तार ऑटो चालक ने साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और इलाकाई लोगों ने परिजनों को सूचना देते हुए घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की पड़ताल में जुट गई है।
गोविंद नगर के कच्ची बस्ती इलाके का रहने वाले बलदेव उर्फ मोनू (40) प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी दया दो बेटी रिंकी और नेहा हैं। दया ने बताया कि आज सुबह बलदेव दूध लाने की बात बोलकर घर से निकले थे। वह साइकिल से डीबीएस कॉलेज के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से आ रहे तेज रफ़्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। इलाकाई लोगों की सूचना परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी रिकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

