वर्ल्ड साइक्लिंग डे : झांसी में 3 जून को निकलेगी साईकिल रैली
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ झांसी का हुआ गठन
झांसी, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में साइकिल चलाने की संस्कृति को बढ़ावा देने और लोगों को स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ झांसी” का रविवार को गठन किया गया है। एसोसिएशन ने जानकारी दी कि आगामी 3 जून को “वर्ल्ड साइक्लिंग डे” के अवसर पर शहर में भव्य साइकिल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन हिस्सा लेंगे।
पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का गठन इसी वर्ष किया गया है तथा इसका पंजीकरण भी हो चुका है। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्धता के लिए प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक लाभों के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
संस्था के सचिव एडवोकेट अनुराग मिश्रा ने बताया कि 3 जून को सुबह 6 बजे ध्यानचंद स्टेडियम से साइकिल रैली शुरू होगी। रैली चित्रा चौराहा, इलाइट चौराहा और बीकेडी चौराहा होते हुए पुनः ध्यानचंद स्टेडियम पर समाप्त होगी। लगभग 4 किलोमीटर लंबे इस रूट में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रैली में स्थान के आधार पर पुरस्कार नहीं दिए जाएंगे, बल्कि रैली पूरी करने वाले स्कूली बच्चों के लिए लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा। प्रकाश साइकिल्स की ओर से हरक्यूलिस साइकिल बंपर पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा ट्रॉली सूटकेस, कलर किट, स्काईबैग, लंच बॉक्स और अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में अरशद खान, होटल व्यवसायी विजय साहू,एड. रोमेश अग्रवाल,लाइन्स क्लब से विश्वेश्वर शुक्ला,एडवोकेट सचिन साहू, अभिषेक खरे, प्रतीक झा, दीपक बचवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

