प्रभारी जिला जज के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
प्रभारी जिला जज के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों ने निकाली साइकिल रैली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


लखनऊ, 29 अगस्त(हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा शनिवार को राजधानी में न्यायिक अधिकारियों द्वारा एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली लखनऊ के प्रभारी जिला जज नीतू पाठक के नेतृत्व में निकाली गई।

शनिवार को आयोजित यह रैली बटलर पैलेस स्थित सेशन्स हाउस से प्रारंभ हुई। प्रभारी जिला जज नीतू पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, जिसके बाद सभी न्यायिक अधिकारी साइकिल चलाते हुए हजरतगंज और परिवर्तन चैक होते हुए जनपद न्यायालय परिसर पहुंचे। रैली के दौरान अधिकारियों ने ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के नारे लिखे बैनर और तख्तियां ले रखी थीं।

शाम को न्यायालय का कार्य समय समाप्त होने के बाद यह रैली ठीक 5ः00 बजे जनपद न्यायालय परिसर से वापस सेशन्स हाउस के लिए रवाना हुई। वापसी मार्ग पर भी आम जनता ने न्यायिक अधिकारियों के इस प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर प्रभारी जिला जज नीतू पाठक ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या में साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। साथ ही प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने के लिए हम सभी को सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन में ऐसे छोटे प्रयास करने होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story