साइबर सुरक्षा शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
साइबर सुरक्षा शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी : कुलपति


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रमों की पहुंच अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इसीलिए साइबर सुरक्षा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को C3iHub आईआईटी कानपुर में जिला स्तरीय सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आठ जनपदों से आए समन्वयकों, प्राचार्यों और नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। यह बातें शुक्रवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर सुरक्षा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा। इसमें आठ जनपदों से आए जिला समन्वयकों, प्राचार्यों एवं नोडल अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति ने कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ करने की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. पाठक ने जिला स्तर पर जागरूकता अभियानों और कार्यशालाओं के सुव्यवस्थित आयोजन पर जोर दिया, ताकि अधिकाधिक छात्र-छात्राएं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से जुड़ सकें। उन्होंने इस पहल को भविष्य की जरूरत बताते हुए इसे और व्यापक स्तर पर ले जाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभिन्न जनपदों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। प्रमुख रूप से डॉ. अमित प्रकाश रघुवंशी, डॉ. अनुपम दुबे, डॉ. गोपी नाथ मौर्य, डॉ. मीता अरोड़ा, डॉ. प्रियदर्शन पांडेय एवं डॉ. अंसुमान उपाध्याय को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मान मिला। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समन्वयकों को उनके संस्थानों में कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल, C3iHub की सीईओ डॉ. तनिमा हजरा सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में कुलपति ने सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए साइबर सुरक्षा शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story