गेंहू की फसल खराब होने पर किसान ने की आत्महत्या
फर्रुखाबाद, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की कम्पिल थाना क्षेत्र स्थित भागीपुर उमराह गांव में गेंहू की फसल खराब होने से आहत एक किसान ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली।
भागीपुर उमराव निवासी दुर्वीन ने अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया था और गेहूं की फसल भीग गई थी। शनिवार को फसल सूखने के बाद जब थ्रेसिंग कराई तो गेहूं काला और सड़ा हुआ निकला।
मेहनत बर्बाद होते देख दुर्वीन गहरे सदमे में आ गया। परेशान होकर उसने घर में मक्का की फसल में कीड़ों से बचाव के लिए रखी कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने दुर्वीन को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दादा अतर सिंह ने बताया कि दुर्वीन की पत्नी पूजा और तीन बेटियां हैं। गेहूं खराब निकलने से वह बहुत परेशान था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

