गन्ने के खेत मिले तेंदुए के छह दिन के शावक काे इलाज के लिए इटावा लायन सफारी भेजा गया
मुरादाबाद, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के थाना छजलैट स्थित गन्ने के खेत में मिले तेंदुए के शावक को वन विभाग ने एंबुलेंस से इटावा लायन सफारी भेज दिया है। जिला वन अधिकारी ने बताया कि वहां पर शावक का विभागीय विशेषज्ञ डाॅक्टरों की देखरेख में इलाज किया जाएगा, जिससे उसकी जान को बचाया जा सके।
दरअसल, जिले छजलैट कस्बे के पास बीते सोमवार को एक गन्ने के खेत में तेंदुए का शावक मिला था, जिसकी उम्र करीब छह दिन है लेकिन मां से बिछड़ जाने के कारण उसकी जान बचाना वन विभाग के लिए भी मुश्किल हो रहा है। पिछले चार दिन से वन विभाग ने उसे डियर पार्क में रखा था और डाॅक्टरों की निगरानी में उसे गाय का दूध पिलाया जा रहा था, लेकिन जब यह मामला लखनऊ वन मंत्रालय तक पहुंचा तो उसे विशेषज्ञों की देखरेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला वन अधिकारी अविनाश पांडेय ने बताया कि शावक की जान बचाने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लायन सफाई इटावा से बात की गई थी, इसी आधार पर उसे विशेष प्रकार का दूध भी मुहैया कराया गया, जिसकी कीमत करीब 1500 रुपये लीटर है। उसे आज एंबुलेंस वाहन से वन विभाग के स्टाफ की टीम लायन सफारी इटावा लेकर गई है। जहां उसका विभागीय विशेषज्ञ डॉक्टराें की देखरेख में रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

