मुख्य कोषाधिकारी ने विधायक ठाकुर रामवीर का नहीं उठाया फोन, विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
मुख्य कोषाधिकारी ने विधायक ठाकुर रामवीर का नहीं उठाया फोन, विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत


मुरादाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य कोषाधिकारी पर अपना फोन न उठाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिकायत की है। विधायक ने इस संबंध में नियमानुसार उचित कार्यवाही करने की भी मांग की है।

विधानसभा अध्यक्ष को भेजे पत्र में कुंदरकी विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के निराकरण हेतु मेरे द्वारा नियमित रूप से जनसुनवाई की जाती है तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक समन्वय किया जाता है। इसी क्रम में आज 29 अगस्त को जनसुनवाई में प्राप्त जनशिकायतों के संबंध में वार्ता हेतु मुख्य कोषाधिकारी, मुरादाबाद रेनू बौद्ध के (मोबाइल नं. 6397755910) पर मेरे द्वारा 1 घंटे में अनेक बार संपर्क किया गया, परंतु मुख्य कोष अधिकारी द्वारा कोई भी कॉल नहीं उठाई गई न ही अपनी ओर से कॉल की गई। कॉल जनहित एवं जनशिकायतों के समाधान हेतु आवश्यक प्रशासनिक समन्वय के उद्देश्य से की गई थी।

ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि द्वारा जनहित से संबंधित आवश्यक प्रशासनिक विषय पर किए गए दूरभाष संपर्क का लगातार उत्तर न दिया जाना जनप्रतिनिधियों के प्रति अपेक्षित शासकीय प्रोटोकॉल, शिष्टाचार एवं समन्वय की भावना के अनुरूप नहीं है। तथा जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण में भी अनावश्यक कठिनाई एवं देरी होती है।

विधायक ने इस संबंध में नियमानुसार उचित कार्यवाही करने की भी मांग करते हुए भविष्य में जनप्रतिनिधियों के आवश्यक दूरभाष संपर्कों का समयबद्ध संज्ञान एवं अपेक्षित समन्वय सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story