सीएसआर पहल से बालिकाओं को नई सुविधा, 25 लाख की सामग्री सौंपी : अवनीश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
सीएसआर पहल से बालिकाओं को नई सुविधा, 25 लाख की सामग्री सौंपी : अवनीश अवस्थी


कानपुर, 05 मई (हि.स.)। शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कही।

जिला प्रशासन के सहयोग से आईडीबीआई बैंक, कानपुर नगर द्वारा अपने सीएसआर मद से बालगृह (बालिका) स्वरूप नगर में आवासित बच्चों के कौशल विकास, शिक्षा एवं अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगभग पच्चीस लाख रुपये की विभिन्न उपयोगी सामग्रियां उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी द्वारा फीता काटकर तीन आरओ प्लांट, तीन बड़े तवे, तीन डिश वॉशर, दस कंप्यूटर, दस टेबल तथा बच्चों के लिए तीस टेबल-बेंच सहित अन्य सामग्रियां बालिकाओं को सौंपी गईं। इसके पश्चात उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है और उन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।कार्यक्रम में बसंत कुमार मोदी, क्षेत्रीय प्रबंधक आईडीबीआई, प्रवीण चौबे, शाखा प्रबंधक आईडीबीआई, अभिषेक शुक्ला, प्रबंधक आईडीबीआई, पुनीत कुमार मिश्र, उपनिदेशक महिला कल्याण, विकास सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी, अधीक्षिका बालगृह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story