केजीएमयू में गरीब मरीजों के लिए सुलभ होगी रोबोटिक सर्जरी
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को इंडियन बैंक ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से 50,00,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया है। इंडियन बैंक की टीम सोमवार केजीएमयू पहुंचकर कुलपति प्रो.सोनिया नित्यानंद को चेक सौंपा। इस राशि का उपयोग केजीएमयू गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी के लिए करेगा।
केजीएमयू में दो रोबोटिक सर्जरी सिस्टम विश्वविद्यालय में स्थापित हुए और उसके माध्यम से सर्जरी हो रही है। वर्तमान समय में केजीएमयू में रोबोटिक सर्जरी प्राइवेट सेक्टर की तुलना में लगभग चौथाई लागत पर तथा पीजीआई की तुलना में लगभग आधी लागत पर की जा रही है। इसके बावजूद कुछ ऐसे मरीज होते हैं जो इन सब्सिडाइज्ड दरों पर भी सर्जरी कराने में सक्षम नहीं होते। ऐसे जरूरतमंद मरीजों को ध्यान में रखते हुए वाइस चांसलर के प्रयासों के परिणामस्वरूप इंडियन बैंक से यह सीएसआर डोनेशन प्राप्त हुआ है। इस सहयोग से उम्मीद है कि 100 से अधिक गरीब मरीजों की रोबोटिक सर्जरी निशुल्क कराई जा सकेगी, जिससे 100 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

