सीएसजेएमयू में ‘नॉस्टैल्जिया’ एलुमनाई मीट 18 अप्रैल को : प्रो अंशु यादव
कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 18 अप्रैल को ‘नॉस्टैल्जिया’ एलुमनाई मीट का आयोजन किया जाएगा। पूर्व छात्र और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद का मंच तैयार होगा। अनुभव साझा कर नए अवसरों की राह खुलेगी। कार्यक्रम से संस्थान से जुड़ाव और नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा। “यह आयोजन रिश्तों, यादों और उपलब्धियों का उत्सव होगा” यह बातें रविवार को डीन प्रो. अंशु यादव ने कही।
स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट द्वारा 18 अप्रैल शनिवार को पूर्व छात्र सम्मेलन ‘नॉस्टैल्जिया’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि एमबीए (1992–1994) बैच के पूर्व छात्र राम मल्होत्रा होंगे, जो वर्तमान में नैरोलैक पेंट्स में चीफ बिजनेस ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
इसी क्रम में एलुमनाई मीट ‘नॉस्टैल्जिया’ का पोस्टर लॉन्च किया गया। इस अवसर पर डीन प्रो. अंशु यादव ने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि रिश्तों, यादों और उपलब्धियों का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूर्व छात्रों को अपने संस्थान से पुनः जुड़ने, अपने अनुभव साझा करने और वर्तमान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का अवसर प्रदान करेगा।
सीएसजेएम विश्वविद्यालय परिसर एलुमनाई एसोसिएशन के निदेशक डॉ. विवेक सिंह सचान ने कहा कि यह सम्मेलन पूर्व छात्रों, वर्तमान विद्यार्थियों और संकाय के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने बताया कि उद्देश्य एक मजबूत एलुमनाई नेटवर्क तैयार करना है, जो पेशेवर विकास और संस्थान की प्रगति में सहायक हो।
इस अवसर पर डॉ. सुदेश श्रीवास्तव, अपर्णा कटियार, वारसी सिंह, डॉ. सुधांशु राय सहित कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है और इसे सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

