सीएसजेएमयू कानपुर में 20 मई से शुरू होगी समर क्लास ऑफ आर्ट्स

WhatsApp Channel Join Now

कानपुर, 15 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट द्वारा बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए “समर क्लास ऑफ आर्ट्स” का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 मई से नौ जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को कला की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह बातें शुक्रवार को इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट के निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने कही। उन्हाेंने बताया कि समर क्लास ऑफ आर्ट्स का आयोजन 20 दिनों के लिए किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को कला के विभिन्न आयामों से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक सोच को विकसित करना है। प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को ड्राइंग, पेंटिंग, स्केचिंग, क्ले आर्ट, वॉटरकलर, पोस्टर मेकिंग और कंपोजीशन जैसी विधाओं का प्रशिक्षण अनुभवी कला शिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। कार्यक्रम को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी आठ से सोलह वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए है, जिसकी शुल्क राशि 999 रुपये निर्धारित की गई है। दूसरी श्रेणी सत्रह वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए होगी, जिसकी शुल्क राशि 1499 रुपये रखी गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह समर क्लास विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आत्मविश्वास और कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। सीमित सीटों को देखते हुए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।समर क्लास के समन्वयक डॉ. रणधीर सिंह एवं डॉ. मंतोष यादव ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story