भूटान में दिखी सीएसजेएमयू की वैश्विक पहचान : डॉ. दिवाकर अवस्थी
कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने भूटान अंतरराष्ट्रीय शिक्षा मेला 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी वैश्विक मौजूदगी दर्ज कराई है। थिम्फू में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश भर से 79 विश्वविद्यालयों के बीच सीएसजेएमयू विश्वविद्यालय ने अकादमिक क्षमता का प्रदर्शन किया। छात्र आदान-प्रदान और शोध सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत करने की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है। यह जानकारी रविवार को मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने दी।
उन्होंने बताया कि “वैश्विक मंचों पर भागीदारी से छात्रों को अंतरराष्ट्रीय अवसर मिलते हैं और संस्थान की पहचान मजबूत होती है। इस दौरान सीएसजेएमयू ने अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों, शोध क्षमताओं और नवाचार आधारित शिक्षा मॉडल को प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के स्टॉल पर विद्यार्थियों, शिक्षाविदों और शिक्षा विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने संस्थान के पाठ्यक्रम, शोध और वैश्विक दृष्टिकोण में विशेष रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान भूटान की शिक्षा मंत्री यीजांग डिंपल थापा से विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस दौरान छात्र आदान-प्रदान, संयुक्त शोध और शैक्षणिक सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। विश्वविद्यालय ने विभिन्न देशों के शिक्षण संस्थानों के साथ संपर्क स्थापित कर भविष्य की साझेदारी के रास्ते भी तलाशे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय मंच से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया सीएसजेएमयू की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों में भागीदारी बढ़ाकर वैश्विक शैक्षणिक नेटवर्क को और सशक्त करने की दिशा में कार्य करेगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

