मेधा लर्निंग फाउंडेशन से समझौता, छात्रों को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण व करियर मार्गदर्शन : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। मेधा लर्निंग फाउंडेशन के साथ हुआ यह समझौता छात्रों के करियर निर्माण और रोजगार क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बातें मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
सीएसजेएमयू के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में मंगलवार को मेधा लर्निंग फाउंडेशन और विश्वविद्यालय के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।
मेधा लर्निंग फाउंडेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर ब्योमकेश मिश्रा ने बताया कि एमओयू के तहत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को पूरी तरह निःशुल्क करियर उन्मुख प्रशिक्षण, स्किल डेवलपमेंट, व्यक्तित्व विकास और रोजगारपरक दक्षताओं से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने बताया कि इस समझौते के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल, कम्युनिकेशन स्किल, इंटरव्यू प्रिपरेशन, एप्टीट्यूड ट्रेनिंग, करियर काउंसलिंग तथा विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में मेधा लर्निंग फाउंडेशन की टीम के प्रतिनिधियों के साथ विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के अधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे कौशल विकास और रोजगार संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

