नकलविहीन परीक्षा के लिए सीसीटीवी और उड़नदस्तों का रहेगा पहरा : राकेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
नकलविहीन परीक्षा के लिए सीसीटीवी और उड़नदस्तों का रहेगा पहरा : राकेश कुमार


कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनीटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही सचल दल और पर्यवेक्षक केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह बातें शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने कहीं।

सीएसजेएमयू की शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शनिवार 14 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेंगी। इनमें सात जनपदों के संबद्ध महाविद्यालयों के 5,00,917 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज में कुल 399 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 56 नोडल केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

परीक्षाएं प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक और तीसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी मॉनीटरिंग कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय स्तर से विशेष पर्यवेक्षकों और सचल दलों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन समेत किसी भी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776754 Articles

Share this story