स्वयंसेवकों के शिविर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को करते हैं मजबूत : डॉ. श्याम मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
स्वयंसेवकों के शिविर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को करते हैं मजबूत : डॉ. श्याम मिश्रा


कानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-6 द्वारा ग्राम पंचायत बिठूर के उदेतपुर गांव में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार को शिविर के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में एनएसएस समन्वयक डॉ. श्याम मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

शिविर के दौरान साक्षरता मिशन, योग, स्वच्छ भारत अभियान, सफाई अभियान, स्वच्छ जल मिशन, पर्यावरण संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव और नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही ग्रामीणों के लिए निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप और परामर्श शिविर लगाया गया, जिसमें करीब 200 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान दो ग्रामीणों के आंख के ऑपरेशन भी कराए गए।

स्वयंसेवकों ने शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और शाम का अल्पाहार स्वयं तैयार कर सामूहिक रूप से ग्रहण किया। समापन अवसर पर एनएसएस इकाई-6 के समन्वयक डॉ. अजय कुमार यादव और ग्राम प्रधान विद्यासागर यादव ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवक, ग्रामीणों के साथ डॉ. उमेश सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story