एआई तकनीक से लैस मीडिया प्रोफेशनल तैयार करेगा सीएसजेएमयू का नया सर्टिफिकेट कोर्स

WhatsApp Channel Join Now
एआई तकनीक से लैस मीडिया प्रोफेशनल तैयार करेगा सीएसजेएमयू का नया सर्टिफिकेट कोर्स


कानपुर, 22 जून (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में इसी सत्र से एआई फॉर मीडिया सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने जा रहा है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग को देखते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। छह माह की अवधि के इस पाठ्यक्रम की फीस 10,200 रुपए है और सीटें 20 हैं।

कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को कंटेंट राइटिंग, स्क्रिप्ट निर्माण, डिजिटल स्टोरीटेलिंग, वीडियो एडिटिंग, डेटा जर्नलिज्म, डेटा एनालिटिक्स, फैक्ट सत्यापन, सोशल मीडिया प्रबंधन और ऑटोमेटेड न्यूज़ जनरेशन जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न एआई प्लेटफॉर्म और टूल्स के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे विद्यार्थी मीडिया क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल को समझ सकें।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि मीडिया और जनसंचार का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब भविष्य की नहीं बल्कि वर्तमान की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान नहीं बल्कि उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान किए जाएंगे।

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एचओडी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने सोमवार को बताया कि यह सर्टिफिकेट कोर्स छह माह की अवधि का होगा। इसमें सैद्धांतिक ज्ञान की अपेक्षा प्रायोगिक प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे विद्यार्थी वास्तविक न्यूज़रूम वातावरण में एआई टूल्स के उपयोग को समझ सकें। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और किसी भी संकाय से इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story