नो हेलमेट, नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन, 42 लोगों को लौटाया गया : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। विश्वविद्यालय में ‘नो हेलमेट, नो एंट्री’ नियम का सभी को पालन करना होगा। यह व्यवस्था विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू की गई है। यह बातें मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
सीएसजेएमयू में आज को दूसरे दिन ‘नो हेलमेट, नो एंट्री’ अभियान का सख्ती से पालन कराया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट पहुंचे 30 से अधिक छात्रों, 10 कर्मचारियों और दो शिक्षकों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और उन्हें हेलमेट पहनकर आने की हिदायत देते हुए वापस भेज दिया गया।
विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉ. अंकित त्रिवेदी ने बताया कि दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर पूरे दिन प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और सुरक्षा कर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक की जांच की गई और बिना हेलमेट आने वालों को प्रवेश से रोका गया।
कुलानुशासक डॉ. शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार के निकट हेलमेट बिक्री का स्टॉल भी लगाया गया था। इस दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों ने मौके पर ही हेलमेट खरीदकर नियम का पालन किया और उसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से हेलमेट पहनकर ही परिसर में आने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

