सीएसए के तीन हजार से अधिक छात्रों को रेलवे किराए में 50 फीसदी छूट की सुविधा फिर शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सीएसए के तीन हजार से अधिक छात्रों को रेलवे किराए में 50 फीसदी छूट की सुविधा फिर शुरू


कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। 19 वर्ष बाद विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए रेलवे किराए में 50 प्रतिशत रियायत की सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। इससे छात्रों को घर आने-जाने के साथ-साथ शैक्षणिक भ्रमण और शोध कार्यों के दौरान भी आर्थिक राहत मिलेगी। यह बातें मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने कहीं।

सीएसए के छात्रों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। प्रयागराज मंडल की ओर से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए रेलवे किराए में 50 प्रतिशत छूट की व्यवस्था लागू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता की स्वीकृति के बाद यह सुविधा दोबारा शुरू हो गई है।

डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 19 वर्ष पहले तक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलती थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे बंद कर दिया गया था। अब इसे पुनः लागू किए जाने से हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि यह रियायत केवल घर आने-जाने तक सीमित नहीं रहेगी। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित शैक्षणिक भ्रमण, शोध कार्य या अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए ट्रेन से यात्रा करने पर भी विद्यार्थियों को आधे किराए का ही भुगतान करना होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय पात्र छात्रों को रेलवे के निर्धारित कूपन उपलब्ध कराएगा।

विश्वविद्यालय में देश के विभिन्न राज्यों से छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए आते हैं। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले विद्यार्थियों पर रेल किराए का खर्च अधिक पड़ता है। ऐसे में 50 प्रतिशत किराया छूट मिलने से उनकी आर्थिक परेशानी काफी कम होगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों को सेमेस्टर अवकाश के दौरान दो बार घर जाने का अवसर मिलता है। अब इन यात्राओं में भी उन्हें आधे किराए का लाभ मिलेगा। इस निर्णय से विश्वविद्यालय के 3000 से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे और परिसर में छात्रों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story