सीएसए के 08 छात्रों का 5.50 लाख पैकेज पर चयन : कुलपति
कानपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। विश्वविद्यालय के छात्रों को लगातार बेहतर अवसर मिल रहे हैं और यह प्लेसमेंट उनकी मेहनत और गुणवत्ता का परिणाम है। आने वाले समय में और भी बड़ी कंपनियों के माध्यम से छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। संस्थान बम्पर प्लेसमेंट की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बातें बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति डा० संजीव गुप्ता ने कही
सीएसए में छात्रों के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सेवायोजन के निदेशक डा० विजय कुमार यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय के छात्रों के कैम्पस प्लेसमेंट के लिए मधुसूदन डेयरी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सचिन तोमर द्वारा एमबीए एग्री बिजनेस के लगभग चालीस छात्रों की ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद ग्रुप डिस्कशन और कंपनी के मुख्यालय में व्यक्तिगत साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
साक्षात्कार के उपरांत आठ छात्रों — आनन्द कुमार मौर्य, हेमंत तिवारी, गौरव सिंह, पुष्करण चंदेल, अनुभव सिंह, वैभव शाक्य, अंकित चौधरी और अनिल कुमार यादव का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा लगभग पांच लाख पचास हजार रुपये वार्षिक पैकेज के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
मधुसूदन डेयरी प्राइवेट लिमिटेड एक उभरती हुई एग्री-बिजनेस कंपनी है, जो कृषि उत्पाद, प्रोसेसिंग और सप्लाई चेन प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। कंपनी किसानों के साथ सीधे जुड़कर गुणवत्ता और दक्षता पर विशेष ध्यान देती है।
डा० विजय कुमार यादव ने यह भी जानकारी दी कि सिंजेंटा ग्रुप कंपनी द्वारा स्नातक, परास्नातक एवं एमबीए के लगभग पचास छात्र-छात्राओं का ग्रुप डिस्कशन कराया गया, जिसके बाद दस छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों का एक और ऑनलाइन व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसमें चयनित छात्रों को लगभग पाँच लाख से छह लाख रुपये तक का पैकेज मिलने की संभावना है।
इसके अलावा गुरुवार को सहज मिल्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा एमबीए छात्रों के लिए एरिया सेल्स मैनेजर पद हेतु साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ भी कैम्पस ड्राइव की तिथियां तय करने के लिए बातचीत जारी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने में मुलायम सिंह और सरिता पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

