सीआरपीएफ जवान की अंतिम यात्रा में उमड़ा सैलाब, डीएम -एसपी ने दी श्रद्धांजलि
भदोही, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सीआरपीएफ जवान की अंतिम यात्रा में सोमवार को भारी जनसैलाब उमड़ा। तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग जुट गए।
भदोही जिला प्रशासन की मौजूदगी में जवान को अंतिम विदाई दी गईं। इस दौरान ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे,जिलाधिकारी शैलेष कुमार, एसपी अभिनव त्यागी के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनैतिक लोगों ने ने जवान को श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के अनुसार, बृजेश मौर्य का हाल ही में सीआरपीएफ में चयन हुआ था और वह बिहार में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। प्रशिक्षण के छठे महीने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को तिरंगे में लिपटा बृजेश मौर्य का पार्थिव शरीर पैतृक गांव कसियापुर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग उमड़ पड़े। सीआरपीएफ जवानों ने सम्मानपूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। लोगों ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, बृजेश मौर्य तेरा नाम रहेगा” और “बृजेश मौर्य अमर रहें” के नारे लगाए। तिरंगा लहरा रहा था और हजारों आंखों से आंसू छलक रहे थे। देशसेवा के लिए आगे बढ़े इस युवा जवान को ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल

