वाहन की टक्कर से सीआरपीएफ जवान की मौत, तीन घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा शव

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 02 जुलाई (हि.स.)। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार सीआरपीएफ जवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जनपद हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय नफीसउद्दीन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हवलदार के पद पर तैनात थे। गुरुवार को वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से फतेहपुर की ओर जा रहे थे। तभी तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही नफीसउद्दीन बाइक समेत सड़क किनारे खंती में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनका शव करीब तीन घंटे तक वहीं पड़ा रहा। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और आसपास चर रही बकरियां झाड़ियों में छिपने लगीं। जब चरवाहों की नजर झाड़ियों के बीच पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मामले की सूचना गांव के पूर्व प्रधान विवेक कुमार सिंह को दी।

सूचना मिलने पर पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक के पास से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का पहचान पत्र बरामद हुआ, जिससे उनकी पहचान नफीसउद्दीन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल फोन में मिले नंबरों के माध्यम से परिजनों को सूचना दी।

जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story