सीआरपीएफ जवान को पिता की मौत पर हुआ शक, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार देर रात बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जोधपुर में तैनात सीआरपीएफ जवान बेटा घर पहुंचा तो पिता का शव देखकर मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गयी है।
हरिरामऊ गांव निवासी भगुनाथ (63) घर पर रहते थे। उनके बेटे उदयवीर सीआरपीएफ में तैनात हैं और वर्तमान में जोधपुर में ड्यूटी कर रहे हैं। कुछ समय पहले बीमारी के चलते भगुनाथ की पत्नी की मौत हो चुकी है। परिवार में उदयवीर की पत्नी पिंकी देवी और बच्चे भी हैं। उदयवीर ने बताया कि गुरुवार दोपहर उनकी पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। रात में उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि भगुनाथ की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पिता की मौत की सूचना मिलते ही उदयवीर जोधपुर से गांव के लिए रवाना हुए। देर रात घर पहुंचने पर उन्होंने पिता का शव देखा। मौत की परिस्थितियां उन्हें सामान्य नहीं लगीं, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर सजेती थाने की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ हरिरामऊ गांव पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि भगुनाथ के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

